माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थर्मल की एक्सईएन के 12 वर्षीय बेटे कबीर के अपहरण मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात का पूरा रूट मैप तैयार कर लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी बच्चे को लेकर किन-किन स्थानों पर गए और वहां क्या गतिविधियां की गईं।
सीआईए-2 टीम ने मंगलवार को थर्मल कॉलोनी निवासी देवेंद्र और शाहपुर निवासी विशाल को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। बुधवार को दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। घटनास्थल की निशानदेही भी कराई गई।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल डेटा और वाहन में लगे जीपीएस की मदद से अपहरण की पूरी कड़ी को जोड़ते हुए विस्तृत रूट मैप तैयार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने दो अलग-अलग टीम बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, एक टीम की कार थर्मल कॉलोनी से निकलकर जींद, भिवानी होते हुए रोहतक पहुंची, जबकि दूसरी टीम पानीपत से बिडौली पुल होते हुए सहारनपुर के गंगोह, मुजफ्फरनगर और शामली से होकर वापस पानीपत और फिर रोहतक पहुंची। इस दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी देवेंद्र ने वारदात में इस्तेमाल करने के लिए हथियार खरीदे थे। पुलिस अब हथियार सप्लायर की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। सीआईए-2 प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी कार की भी तलाश की जा रही है।