संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मालखेड़ी गांव निवासी युवक विक्रम की आत्महत्या मामले में पुलिस अब तक खाली हाथ है। घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार
दबिश दी जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
क्या है मामला ः 29 अगस्त को मालखेड़ी निवासी 28 वर्षीय विक्रम ने ग्योंग गांव के पास कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उसने अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें जिले के तीन लोगों, जिनमें महिला भी शामिल है, को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।