पटियाला के भी ध्यानार्थ
आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही पुलिस
एक अन्य आरोपी का नाम सामने आया, गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खरकां गांव में पंजाब के युवक गुरचरण पर हमले और उसकी टांगें तोड़ने के मामले में कैथल पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अब पंजाब में विभिन्न स्थानों पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अब तक पुलिस ने पटियाला जिले के लालवा गांव निवासी लवजीत और गुरप्रीत उर्फ गग्गू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी चार दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक अन्य साथी का नाम भी बताया है, जो फिलहाल अपने ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा है।
शिकायत में लगाए थे विधायक परिवार पर गंभीर आरोप
गुरचरण ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने अपने गांव में विधायक कुलवंत बाजीगर के भाई के सामने सरपंची का चुनाव लड़ा था, जिसके चलते विधायक और उसका परिवार उससे रंजिश रखता था।
उसने बताया कि 28 अक्तूबर को वह बजरी लेने खरकां गया था, तभी स्विफ्ट कार में सवार कुछ युवकों ने पिस्तौल की नोक पर उसका अपहरण कर लिया।
गुरचरण ने दावा किया कि किडनैपिंग के दौरान विधायक कुलवंत बाजीगर के बेटे की वीडियो कॉल आई, जिसमें उसने धमकी दी कि दोबारा मेरे पापा के खिलाफ वीडियो डालेगा? इसके बाद दूसरे बेटे ने आरोपियों से उसकी दोनों टांगे तोड़ने को कहा, जिस पर हमलावरों ने रॉड से वार किया।
घटना के बाद पुलिस ने विधायक कुलवंत बाजीगर, उनके दो बेटों और अन्य तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस का पक्ष
डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में पंजाब के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है।