संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को थाना सिविल लाइन एसएचओ इंस्पेक्टर शीलावंती की टीम ने सीआरपीएफ के साथ मिलकर थाना सिविल लाइन के क्षेत्र में रूट मार्च निकाला। रूट मार्च पर एसपी राजेश कालिया ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन व पुलिस पूरी तरह सजग है।
इसके तहत लोगों को निर्भीक होकर स्वेच्छानुसार बढ़-चढ़कर मतदान करने के लिए कहा जा रहा है। चुनाव को भय रहित वातावरण में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए आम जनता को अधिकाधिक संख्या में मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान डीएसपी हेडक्वार्टर बीर भान ने बताया कि
रूटमार्च के दौरान नागरिकों को संदेश दिया कि किसी भी व्यक्ति को कानून-व्यवस्था व शांति भंग करने की किसी सूरत में इजाजत नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों को जागरूक किया कि वे झूठी अफवाहों पर ध्यान ना दे, निर्भीक होकर अपना मतदान करे। फ्लैग मार्च का उद्देश्य पुलिस की उपस्थिति दिखाकर महिलाओं तथा आम लोगों विशेषकर कमजोर वर्गों मध्य सुरक्षा की भावना पैदा करने सहित कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना शामिल है। इसके अतिरिक्त सभी एसएचओ व चौकी इंचार्ज की ओर से अपने अपने अधिकार क्षेत्र में भी रूट मार्च निकाला जा रहा है।