कैथल। स्वतंत्रता दिवस समारोह कैथल पुलिस लाइन, कलायत व गुहला में धूमधाम से मनाने की तैयारी है। इस मौके पर चाक-चौबंद सुरक्षा के लिए पुलिस टीम ने होटल, ढाबे, लॉज, धर्मशाला में जांच-पड़ताल की।
एसपी उपासना ने बताया कि जिला व ग्रामीण स्तर के सभी कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हो, इसके लिए पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। आमजन सहित वीआईपी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है। एसपी उपासना ने बताया कि सभी थाना प्रबंधकों ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर अपने अधिकार क्षेत्र में पड़ने वाले होटल, लॉज, धर्मशाला सहित अन्य धार्मिक स्थानों की जांच करते हुए वहां पर ठहरे हुए लोगों की जानकारी प्राप्त की है।
इस दौरान पुलिस ने होटल व धर्मशाला प्रबंधकों को उचित दिशा-निर्देश दिए हैं। होटल प्रबंधकों को किसी असामाजिक तत्व व संदिग्ध व्यक्ति के होटल में ठहरने पर पुलिस को तुरंत सूचित करने की हिदायत दी गई हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस लाइन में समारोह में शानदार मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी जाएगी व परेड का नेतृत्व डीएसपी ललित कुमार करेंगे।
समारोह स्थल पर क्यूआरटी स्ट्राइकिंग रिजर्व, लिफ्टिंग पार्टी, बम डिस्पोजल सहित विभिन्न टीमें तैनात रहेंगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के सुरक्षा के दृष्टिगत करीब 600 कर्मचारी-अधिकारी ड्यूटी करेंगे। शहर व समीपवर्ती क्षेत्र में विशेष बिंदुओं पर स्पेशल नाकाबंदी करके वाहनों की गहन से जांच की जा रही है। इस दौरान शहर क्षेत्र में राइडर विभिन्न रूटों पर निरंतर गश्त करेंगे। एसपी ने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना बिना देरी से पुलिस को दें। संवाद