कैथल। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयुष विभाग की ओर से तीन दिवसीय पारंपरिक खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न गांवों में स्थापित योग व्यायामशालाओं में खिलाड़ियों ने योगासन, कबड्डी एवं खो-खो जैसे पारंपरिक खेलों में दम दिखाया। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि नियमित खेल अभ्यास केवल शरीर को स्वस्थ ही नहीं बनाता, बल्कि व्यक्ति को परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए भी उपयोगी बनाता है।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय खेलों का आयोजन खुराना में सुनील कुमार, टीक में सपना देवी, जुलानी खेड़ा में विजेंदर, बडसीकरी में राममेहर, हरसोला में नरेश ढुल, छोत में सत्यवान, पबनावा में रेखा देवी, कटवाड में रवि कुमार, डेरा गदला में संदीप सिंह, कैलरम में सतीश कुमार और धौंस में नरेश कुमार की देखरेख में किया गया। इन सभी स्थानों पर आयुष योग सहायकों ने खेल नर्सरियों, खेल अकादमियों और ग्राम पंचायतों के सहयोग से खेल आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न करवाए। आयुष विभाग ने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से नियमित रूप से जुड़ने के लिए जागरूक किया। अंत में डॉ. शकुंतला दहिया ने युवाओं से योग व्यायामशालाओं से जुड़ने और खेलों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य खेलों के महत्त्व को बढ़ावा देना, शारीरिक रूप से सक्रिय रहना और देश में खेल संस्कृति को मजबूत करना है। संवाद
-