संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा सीएम कप 2024 में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ी 26 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी खेल विभाग के प्रधान सचिव नवदीप विर्क ने दी।
हरियाणा सीएम कप 2024 के संदर्भ में प्रदेश के सभी उपायुक्तों एवं खेल विभाग अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उन्होंने बैठक ली। प्रधान सचिव ने प्रदेशभर के सभी जिलों में हो रही तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इच्छुक महिला व पुरुष खिलाड़ी 26 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। हरियाणा सीएम कप 2024 में प्रदेश भर से लाखों युवा खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता का पहली बार आयोजन किया जा रहा है और इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
खेल विभाग के निदेशक यशेंद्र सिंह ने कहा कि ये हरियाणा सीएम कप 2024 के तहत यह प्रतियोगिताएं आगामी 28 फरवरी से नौ मार्च 2024 तक चलेगी। इसमें ब्लॉक स्तर, जिला स्तर व राज्य स्तर पर छह प्रकार के खेल आयोजित किए जाएंगे। जिसमें फुटबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, खो-खो, कबड्डी व वॉलीबॉल शामिल हैं।
राज्य स्तर पर प्रथम आने वाली टीम को दो लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 1.5 लाख रुपये व तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को एक लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।