गुहला-चीका। हरियाणा राज्य महाकुंभ में गुहला-चीका के खिलाड़ियों ने बेेहतर प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। ये जानकारी एथलेटिक्स कोच डॉ. सतनाम सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि ये प्रतियोगिता फरीदाबाद में चार से सात दिसंबर तक आयोजित की गई थी। इसमें मनीषा ने 400 मीटर व 200 मीटर में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा चार गुना 400 मिक्स रिले में विकास, सालोनी, सैम व मनीषा ने स्वर्ण पदक जीते हैं। इन खिलाड़ियों का खेल नर्सरी में पहुंचने पर स्वागत किया। खेल नर्सरी में इन दिनों कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का प्रशिक्षण शिविर भी लगाया गया है। इसमें 18 खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। ये खिलाड़ी 25 दिसंबर से भुवनेश्वर (उड़ीसा ) में होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में क़ुरुक्षेत्र विवि की ओर से भाग लेंगे। खेल नर्सरी में प्रतिदिन सुबह शाम लगभग 150 खिलाड़ी अभ्यास करते हैं ।