कैथल। सिरटा रोड स्थित खनौरी बाइपास के पास गंदे नाले के किनारे लंबे समय से गंदगी का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। यहां कूड़ा-करकट, प्लास्टिक और गंदा पानी जमा होने से बदबू फैल रही है और वातावरण अस्वच्छ हो चुका है। स्थिति यह है कि मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भी सांस लेना मुश्किल हो रहा है। कई बार सफाई कर्मियों को शिकायत देने के बावजूद यहां नियमित सफाई नहीं की जाती। नाले के किनारे जमा कचरे के कारण मच्छरों व मक्खियों की संख्या बढ़ गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया व अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने कहा कि गंदगी के कारण बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। निवासियों ने नगर परिषद से जल्द समाधान की मांग की है। लोगों ने संबंधित विभाग से तुरंत सफाई अभियान चलाने, नाले की नियमित सफाई करवाने और कचरे के ढेर को हटाने की अपील की है।