कैथल। पदमा सिटी मॉल में चल रहे एक पिज्जा शॉप संचालक द्वारा पिज्जा की होम डिलीवरी किए जाने की सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकान को बंद करवा दिया है। साथ ही दुकानदार द्वारा अनुमति के लिए किए जा रहे दावे के कागजों के साथ रविवार सुबह नौ बजे एसडीएम कार्यालय में तलब किया है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि पिज्जा शॉप खोलकर लोगों को घर पर पिज्जा की डिलीवरी करवाई जा रही है। जबकि दिल्ली में ही एक पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय द्वारा कोरोना संक्रमण का मामला सामने आ चुका है। इस सूचना के बाद नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान को बंद करवा दिया और दुकानदार ने जब अनुमति होने की बात कही तो उसे सुबह नौ बजे एसडीएम कार्यालय में अनुमति पत्र के साथ उपस्थित होने को कहा है। नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह ने कहा कि दुकान बंद करवा दी गई है। दुकानदार द्वारा जो अनुमति की बात कही जा रही है, उसे उस अनुमति पत्र के साथ एसडीएम कार्यालय में सुबह नौ बजे बुलाया गया है। यदि उसके पास अनुमति नहीं मिली तो नियमानुसार उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी