संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) में इस बार दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई। सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनके घर से परीक्षा केंद्र तक लाने और वापस छोड़ने के लिए पिक एंड ड्रॉप की सुविधा उपलब्ध करवाई।
दो दिनों में चार सत्रों में आयोजित परीक्षा के दौरान दिव्यांगजन सहजता के साथ समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। जैसे ही सरकारी वाहन उनके घर पहुंचे, परीक्षार्थियों के चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास नजर आया। कुछ केंद्रों पर व्हीलचेयर की सहायता से उन्हें परीक्षा कक्ष तक पहुंचाया गया। व्यवस्था की लोगों ने खूब तारीफ की।
सरकार और सीएम का आभार
मैं सरकार और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने दिव्यांगों के लिए पिक एंड ड्रॉप की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की। डीसी ने भी दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी। मैं करनाल रोड स्थित आईजी कॉलेज में बिना किसी परेशानी के परीक्षा देने पहुंचा हूं।
-दिव्यांग ऋषिपाल, कुराड़
पहले परीक्षाएं देने के दौरान काफी दिक्कतें होती थीं, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है जब मुझे घर से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए सरकारी वाहन की सुविधा दी गई। ढांड रोड स्थित आईजी स्कूल में परीक्षा देने आया हूं और पूरी व्यवस्था से बेहद खुश हूं। सरकार की यह पहल दिव्यांगजनों के लिए एक प्रेरक कदम है। सुविधा देने के आभार।
-बलिंद्र सिंह, बाकल निवासी
मैं 70 प्रतिशत दिव्यांग हूं और बसों में सफर करना मेरे लिए बेहद मुश्किल होता था। लेकिन इस बार प्रशासन स्वयं मेरे पास पहुंचा और घर से परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया। हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री श्री सैनी द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याणार्थ की गई यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इससे हौसला बढ़ा है और सामाजिक सहभागिता की भावना भी मजबूत हुई है। -राजेश कुमार