कलायत क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव बरटा निवासी जगदीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह वह चचेरे भाई धर्मबीर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव बरटा से लांबा खेड़ी जा रहे थे। मोटरसाइकिल धर्मबीर चला रहा था और वह पीछे बैठा था। जैसे ही वे गांव कुराड़ के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे कार चालक ने उनकी मोटरसाइकिल में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे दोनों नीचे गिर गए। इस हादसे में उसके चचेरे भाई को गंभीर चोटें आई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके चचेरे भाई धर्मबीर (43) को मृत घोषित कर दिया। तब तक कार चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद