संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बैंकों में नकदी की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक पखवाड़े से पंजाब नेशनल बैंक के चक्कर काट रहे उपभोक्ताओं का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ताओं ने पहले शाखा प्रबंधक के समक्ष नाराजगी जाहिर की और बाद में बैंक शाखा पर ताला लगाने की चेतावनी दे डाली। हालांकि शाखा प्रबंधक के समझाने के बाद वे शांत हो गए।
कलायत निवासी शशिबाला ने बताया कि उन्होंने वीरवार को बैंक से एक लाख रुपये निकालने के लिए चेक लगाया था, लेकिन उन्हें रोज यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि अगले दिन एक बजे आना। इसी तरह वीरेंद्र राणा ने बताया कि उन्होंने 4.5 लाख रुपये निकालने के लिए शुक्रवार को चेक जमा कराया था, लेकिन हर दिन अगले दिन आने की बात कहकर टाल दिया जाता है।
किसान सोहन लाल कौलेखां, राजेश ढुंडवा, दिनेश और देवेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि वे पिछले 15 दिनों से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें उनका पैसा नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि अपने ही पैसे के लिए बार-बार बैंक आना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं।
रुपये न मिलने से बढ़ी परेशानी : शशिबाला ने कहा कि बैंक से समय पर रुपये न मिलने के कारण उन्हें मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। बबलू राणा ने बताया कि उन्होंने जो जमीन ठेके पर ली है, उसकी भुगतान राशि समय पर नहीं दे पा रहे हैं, जिससे जमीन मिलने में परेशानी आ रही है। सरकार से मिलने वाली पेंशन के लिए रोज बैंक पहुंच रही बुजुर्ग महिला कमला ने बताया कि मात्र तीन हजार रुपये निकालने के लिए भी उन्हें रोज खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
पिछले दो महीने से बैंकों में नकदी की समस्या बनी हुई है। बैंक शाखा में कैश जींद चेस्ट से आता है और हर रोज उच्च अधिकारियों से अतिरिक्त नकदी की मांग की जा रही है, ताकि स्थिति में सुधार हो सके। शाखा में सप्ताहभर में जितना कैश पहुंचता है, वह उपभोक्ताओं की मांग के मुकाबले काफी कम है। ऐसे में प्रतिदिन जमा होने वाली नकदी को ही उपभोक्ताओं में वितरित कर काम चलाया जा रहा है।
-पंकज नैन, शाखा प्रबंधक, पीएनबी