संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। शहर के विभिन्न वार्डों की पेयजल सप्लाई में सीवरेज का गंदा पानी मिक्स होने पर लोगों ने नाराजगी जताई। इस मुद्दे को लेकर आम लोगों के साथ-साथ समाजसेवी संगठनों ने रोष जताया। शहर के लोगों का कहना है कि दूषित पेयजल सप्लाई से महिलाएं, बड़े-बुजुर्ग, युवा व बच्चे उलटी-दस्त से बीमार हैं। घरों के नलों में आ रहे पानी में न केवल भारी दुर्गंध है बल्कि इसका रंग भी काला है।
राजकुमार, विनोद कुमार, राजपाल व सोमपाल ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग की सप्लाई मेंं पिछले कई दिन से गंदा पानी आने की शिकायत वे कर रहे थे। स्थानीय स्तर पर विभागीय अधिकारियों-कर्मियों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। इसके चलते समाधान होने की बजाए दिन-प्रतिदिन संकट बढ़ता गया। हालात इस कदर खराब हुए कि विभिन्न वार्डों में सीवरेज का पानी एसटीपी पर पहुंचने की बजाय घरों के नलों में पहुंच गया। सीवरेज पाइप लाइनों के ठप होने से मेनहॉल ओवरफ्लो हुए और गंदा पानी इधर-उधर पेयजल कनेक्शनों के जरिये नलों की राह पकड़ गया। इस मुद्दे में स्कूली बच्चे भी उतर आए। कार्यकारी अभियंता गौरव कांसल ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कलायत एसडीओ इंद्राज पंवार के साथ विषय पर चर्चा की व टीम का गठन कर पेयजल व सीवरेज लाइन की जांच शुरू की तो बिगड़ी व्यवस्था का कारण सामने आया।
उन पेयजल कनेक्शनों को दुरुस्त करने का कार्य किया गया जिसकी वजह से गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा था। साथ ही सीवरेज लाइन की सफाई का कार्य शुरू करवाया गया। एसडीओ इंद्राज पंवार ने कहा कि तकनीकी टीम घर द्वार और प्रभावित आवासीय क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का मुआयना कर रही है। बावजूद इसके जिस किसी क्षेत्र में इस प्रकार की समस्या है तुरंत जन स्वास्थ्य विभाग उप मंडल कार्यालय से संपर्क करें।