कैथल। भगवान परशुराम धर्मशाला कैथल में ब्राह्मण समाज की बैठक हुई। इसमें अखिल भारतीय ब्राह्मण आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष पंडित हरिराम दीक्षित ने शिरकत की। उन्होंने ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में आर्थिक रूप से कमजोर चार जातियों को हरियाणा सरकार ने 10 प्रतिशत आरक्षण दिया था। जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिला। लेकिन वर्तमान सरकार ने ईडब्ल्यूएस की आड़ में उनका आर्थिक रूप से मिला हुआ आरक्षण बंद कर दिया है। जिस कारण से समस्त समाज में रोष है। पंडित हरिराम दीक्षित ने समाज के लोगों के साथ सरकार से मांग की है कि आर्थिक आधार पर मिला हुआ 10 प्रतिशत आरक्षण को बहाल किया जाए व एसएचओ जयवीर शर्मा का मुकदमा वापस लिया जाए व उनको रिहा किया जाए। हरियाणा में भी ब्राह्मण आयोग का गठन कर ब्राह्मणों का सम्मान करे। ईबीपीजी के तहत जिन बच्चों की नियुक्ति की हुई है, तुरंत इस समस्या का समाधान करे। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं करती तो ब्राह्मण समाज सरकार के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगा। इस अवसर पर आरक्षण समिति के महासचिव रामभक्त शास्त्री, विक्की शर्मा, धर्मशाला के प्रधान राजू डोहर, राजेश अत्री, संदीप शर्मा, राकेश, श्याम सुंदर, रामकुमार, वीरभान व रामलाल शास्त्री मौजूद रहे।