संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वार्ड नंबर-13 स्थित जनकपुरी काॅलोनी में हुए जलभराव की समस्या पर कॉलोनी के लोगों ने रोष जताया। कॉलोनी के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग पर इस समस्या का समाधान न करने का आरोप लगाया है। कॉलोनी के लोगों का कहना है इस समस्या को लेकर वे विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत करवा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है।
जनकपुरी कॉलोनी निवासी दलबीर सिंह, जंगा राम, सतवीर सिंह, नन्नू राम, राजेंद्र, सोनू, बिट्टू, सुमित, जेपी, विजय, मंजीत सिंह, नरेश कुमार, सुरेश, सतीश, आदि ने बताया कि कॉलोनी में सीवरेज निकासी नहीं है। ऐसे में सीवर का गंदा पानी गलियों में ही जमा रहता है, जिससे बीमारियां फैल रही हैं।
लोगों का कहना था कि बदबू इतनी ज्यादा है कि यहां पर रहना मुश्किल हो गया है। इस मामले में नगर पालिका के अध्यक्ष को भी लिखित में इसकी जानकारी दी गई है। यदि प्रशासन जल्द ही इस समस्या का कोई समाधान नहीं करता है तो काॅलोनी वासियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
इस मामले में जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन प्रशांत ने बताया कि यह मामला अभी ही संज्ञान में आया है। इस पर जांच करके समस्या का जल्द ही समाधान करवाया जाएगा।