संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आबूधाबी में चल रही जूनियर एशियन चैंपियनशिप मुकाबले में गांव कुलतारन की बेटी पायल व करोड़ा की बेटी नैतिक ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया और दोनों ही फाइनल मुकाबले में पहुुंच गई हैं। कजाकिस्तान की खिलाड़ियों के साथ दोनों फाइनल मुकाबले में भिड़ेंगी।
ये दोनों खिलाड़ी छोटू राम इंडोर बॉक्सिंग सेंटर में कोच अमरजीत सिंह के पास अभ्यास करती हैं। कोच अमरजीत ने बताया कि अलग-अलग आयु वर्ग में दोनों अपना मुकाबला जीतने की कोशिश करेंगी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 27 अगस्त को शुरू हुई थी और आगामी 10 सिंतबर तक चलनी हैं।
प्रतियोगिता में पायल 48 किलो भार वर्ग और खिलाड़ी नैतिक 52 किलो भार वर्ग में हिस्सा ले रही है।
वीरवार को नैतिक का सेमीफाइनल मुकाबला यूक्रेन की एसिया टी से हुआ। इसमें उसने 5-0 के स्कोर से प्रतिद्वंद्वी को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब उसका फाइनल मुकाबला आठ सितंबर को कजाकिस्तान की खिलाड़ी अरिना ओराजिएम से होगा। इसी प्रकार पायल ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में थाईलैंड की बॉक्सर को 5-0 के स्कोर से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया था। शुक्रवार को उसका सेमीफाइनल यूक्रेेन के साथ हुआ जिसमें बेहतरीन खेल प्रदर्शन दिखाते हुए बॉक्सर कीरा मोकाको होनेनको को 5-0 के स्कोर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है।
अब नौ सितंबर को उनका कजाकिस्तान की खिलाड़ी एयम तनकीबाएयम से
फाइनल मैच होगा। कोच ने उम्मीद जताते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ी बेहतरीन खेल रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि फाइनल में भी दोनों जीतकर कैथल और देश का नाम रोशन करेंगी।