कैथल। गांव ग्योंग के स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय नमो क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में पट्टी अफगान की टीम ने कैथल को 15 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। रोमांचक मुकाबले में पट्टी अफगान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में 72 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैथल की टीम 57 रन ही बना सकी। पट्टी अफगान की टीम को विजेता बनने पर 31 हजार रुपये और कैथल की उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। मालखेड़ी की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता पट्टी अफगान की टीम अब पंचकूला में होने वाली क्रिकेट लीग में हिस्सा लेगी।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और स्वयं भी क्रिकेट के शॉट लगाए। उन्होंने कैथल पट्टी अफगान और मालखेड़ी की टीमों के खिलाड़ियों के साथ बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन कर्मबीर कौल, तुषार, रवि बेदी, राजेश शर्मा पिंटू चीका, जितेंद्र टाया, राकेश खानपुर, कर्मबीर फौजी, श्रवण सिंह, कर्मवीर ग्योंग, कृष्ण जाजनपुर सहित आयोजक पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और खेल को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन आत्मविश्वास और मेहनत की सीख देते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलता है। युवाओं को नियमित रूप से खेलों से जुड़ना चाहिए और अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत करते हुए अपने गांव जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
शॉट खेलकर मैच का शुभारंभ करते मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। विज्ञप्ति
शॉट खेलकर मैच का शुभारंभ करते मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। विज्ञप्ति