कलायत नगर पालिका चेयरमैन की कुर्सी के विवाद के बीच कलायत के वार्ड नंबर 11 के पार्षद निशु सिंगला के पति संजय सिंगला का पश्चिम बंगला के सिलिगुड़ी से अपहरण हो गया। विवाद बढ़ता देख कैथल पुलिस हरकत में आई और कलायत नगर पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि व उनके साथी पार्षदों के मोबाइल से कॉल डिटेल के आधार पर अपहरणकर्ताओं के चंगुल में पार्षद प्रतिनिधि से संपर्क साधा। जो बिहार के छपरा में मिले। अपहृत प्रतिनिधि ने परिजनों से बात कर खुद के सुरक्षित होने की बात कही, तब जाकर परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजनों ने चेयरपर्सन व दो पार्षदों पर पार्षद प्रतिनिधि के अपहरण का आरोप लगाया है। पूरे कलायत में घटना के कारण रोष फैल गया था। लोगों के दबाव में कैथल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चेयरपर्सन प्रतिनिधि को हिरासत में ले लिया है।
विदित रहे कि कलायत नगरपालिका में मौजूदा चेयरमैन रजनी राणा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए 12 अप्रैल की तारीख तय है। चेयरमैन के गुट में चुने हुए चार प्रतिनिधि व विरोधी गुट में 9 पार्षद शामिल हैं। दो नामित पार्षद भी चेयरमैन खेमे ही शामिल हैं। 12 अप्रैल को नगरपालिका में अविश्वास प्रस्ताव पास करने के लिए 9 पार्षदों का होना जरूरी है। भारत भ्रमण पर गए प्रतिपक्ष के सभी 9 पार्षद पिछले एक सप्ताह से सिलिगुड़ी में ठहरे हुए थे।
सिलिगुड़ी से पार्षद प्रतिनिधि राजू कौशिक व निशु सिंगला ने बताया कि वीरवार रात्रि खाना खाने के बाद संजय सिंगला वार्ड 4 के पार्षद राजीव राजपूत व वार्ड 1 के पार्षद कर्णदीप दहिया के साथ घूमने के लिए बाजार निकले। बाजार में कुछ खरीददारी कर रहे थे तो उनकी नजर उनकी रैकी कर रहे छह लोगों पर पड़ी। इन लोगों ने पहचान लिया। उनमें से एक कलायत, दूसरा बड़सीकरी व तीसरा राजौंद का निवासी था। ये तीनों मौके से भाग खड़े हुए। पार्षद कर्णदीप दहिया व राजीव राजपूत तो उन्हें चकमा देने में कामयाब हो गए पर संजय सिंगला उनकी गिरफ्त में आ गया। इसकी शिकायत सिलिगुड़ी पुलिस स्टेशन में की गई। मामले की संजीदगी को देखते हुए सिलिगुड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर अपहरण किए गए संजय सिंगला की तलाश शुरू कर दी।
घटना के बाद परिवार सहित नगर के लोगों का बड़ा हुजूम डीएसपी कार्यालय में जमा हो गया। आक्रोशित लोगों ने अपहरण के विरोध में नगर बंद करवाने की बात कही पर सिंगला परिवार की मुखिया पूर्व पार्षद सरोज सिंगला ने पुलिस प्रशासन पर विश्वास जताते हुए ऐसा करने से मना कर दिया। संजय सिंगला की पत्नी निशु सिंगला ने नगरपालिका चेयरमैन के पति सलिंद्र राणा व दो नामित पार्षदों पर आरोप लगाते हुए अपहरण का जिम्मेदार ठहराया। डीएसपी कलायत ने पार्षद निशु सिंगला, पूर्व पार्षद सरोज सिंगला व मौजूद लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उधर, घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए कैथल पुलिस ने भी चेयरमैन प्रतिनिधि सलिंद्र राणा व अन्य पार्षद के मोबाइल कब्जे में लेकर फोन काल खंगाली। फोन कॉल के आधार पर मिले महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर संजय सिंगला की लोकेशन ट्रेस कर ली गई व उससे संपर्क साध लिया। सलिंद्र राणा को आगामी पूछताछ के लिए सीआईए के हवाले कर दिया गया है।
इसके बाद अपहरणकर्ताओं पर पुलिस का दबाव पड़ा तो उन्होंने संजय सिंगला का फोन चालू करके उसे बात करने दी। संजय ने बताया कि अपहरणकर्ता उन्हें गाड़ी में बैठा कर ले जा रहे हैं। इस समय वे कहां हैं इस बात का नहीं पता। फोन काल की लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस व परिजनों ने पाया कि इस समय वे छपरा बिहार में हैं। बाद में संजय सिंगला ने फोन करके अपने सकुशल होने की सूचना भी अपने परिवार को दी जिससे परिवार ने राहत की सांस ली।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस को पार्षद प्रतिनिधि के अपहरण की सूचना मिली थी। जिस पर फोन कॉल्स डिटेल व अन्य माध्यमों से की गई जांच के बाद अपहृत पार्षद प्रतिनिधि से संपर्क हो गया है। वे सुरक्षित हैं। मामले में जांच की जा रही है।