गुहला चीका। शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां अब अभिभावकों का रुझान धीरे-धीरे सरकारी स्कूलों की ओर बढ़ रहा है। इसका ताजा उदाहरण गुहला का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बना है, जहां बेहतर शिक्षा व्यवस्था और सुविधाओं के चलते दर्जनों विद्यार्थियों ने प्राइवेट स्कूलों को छोड़कर यहां दाखिला लिया है। इसी कड़ी में स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान मुकेश कुमार ने विद्यालय का दौरा कर मिड-डे मील योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
विद्यालय के प्रिंसिपल नरेन्द्र दीक्षित ने बताया कि स्कूल में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि अभिभावक अब निजी स्कूलों के बजाय सरकारी स्कूल पर भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने इसे विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह बदलाव सरकारी शिक्षा व्यवस्था में लोगों के बढ़ते विश्वास का संकेत है। संवाद