पंचायत चुनाव में नामांकन भरने की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। प्रथम चरण में जिले में गुहला एवं कैथल ब्लॉक का चुनाव होना है। इसके लिए दोनों ब्लॉकों के गांवों में सरपंच व पंच, बीडीपीओ कार्यालयों में ब्लॉक समिति एवं लघु सचिवालय में जिला परिषद सदस्यों के लिए नामांकन पत्र लेने के लिए चुनाव अधिकारी पहुंचे।
पहले दिन दोनों ब्लॉकों में 6 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सभी उम्मीदवार कैथल ब्लॉक से हैं। इनमें सरपंच पद के लिए 5 तथा पंच के लिए 1 उम्मीदवार ने नामांकन पत्र भरा। सरपंच के लिए बाबा लदाना में 1, बुढाखेड़ा में 2, संगतपुरा में 1, उझाना में 1 तथा पंच के लिए मानस में 1 उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया। गुहला ब्लॉक में किसी भी उम्मीदवार ने पहले दिन नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। आगामी 29 दिसंबर तक दोनों ब्लॉकों में नामांकन पत्र जमा करवाए जा सकेंगे।
पहले दिन गांवों सहित बीडीपीओ कार्यालयों व लघु सचिवालय में आवेदन फार्म लेने वालों की भीड़ उमड़ी रही। उम्मीवादर आवेदन के साथ निर्धारित आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी लेते नजर आए।
उम्मीदवारों को इस बार नामांकन पत्र भरते समय खूब पसीने छूट रहे हैं। सरकार द्वारा जो शर्तें निर्धारित की गई हैं, उसके लिए उम्मीदवारों को बिजली विभाग एवं को-ऑप्रेटिव बैंकों की खूब भाग दौड़ करनी पड़ रही है। कई विभागों से एनओसी के बाद आवेदन फार्म को भी काफी औपचारिकताओं के साथ पूरा करना पड़ रहा है। उम्मीदवार वकीलों की सलाह लेकर फार्म भर रहे हैं।
जिला परिषद के लिए सहायक रिटर्निंग अधिारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि जिला परिषद के वार्ड नंबर एक से 21 तक जो उम्मीदवार पहले अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं, उन्हें दोबारा नामांकन नहीं भरना होगा, लेकिन चुनाव आयोग की शर्तों के अनुसार सभी उम्मीदवारों को बैंक, सोसाइटी, बिजली, शौचालय व शिक्षा इत्यादि के प्रमाण पत्र नए सिरे से 30 दिसंबर तक प्रस्तुत करने होंगे। 30 दिसंबर को प्रात: 10 बजे सभी नामांकन पत्रों की जांच उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि एक जनवरी को सायं 3 बजे के बाद चुनाव चिन्ह अलॉट कर दिए जाएंगे।