कलायत व सीवन ब्लॉक में रविवार को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए चल रहा प्रचार शुक्रवार शाम पांच बजे थम गया। अब उम्मीदवारों ने व्यक्तिगत संपर्क शुरू कर दिया है। यहां 64 ग्राम पंचायतों सहित ब्लॉक समिति व जिला परिषद सदस्यों के लिए रविवार को चुनाव होना है। वहीं जिला परिषद के लिए पूरे जिले में 147 उम्मीदवार मैदान में हैं।
दोनों ही ब्लॉक में उम्मीदवारों ने लोगों को अपने पक्ष में मतदान के लिए एढ़ी-चोटी का जोर लगाया हुआ है। उम्मीदवार हर तरह के हथकंडे अपनाकर वोटरों को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहे हैं। शुक्रवार को पांच बजे से पहले उम्मीदवारों ने लोगों से वोट के लिए संपर्क किया। पांच बजे दोनों ही ब्लॉक में प्रचार थम गया।
रविवार को होने वाले चुनाव में ब्लॉक समितियों के 42 वार्डों में 110 उम्मीदवार मैदान में हैं। सरपंच के लिए 9 गांवों में सर्वसम्मति के बाद 64 गांवों के लिए 236 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं पंचों में कुल 762 में से 549 वार्डों में सर्वसम्मति हो चुकी है। शेष बचे 213 पंचायत सदस्य वार्डों के लिए 430 उम्मीदवार मैदान में हैं।
इन पंचायतों में सर्वसम्मति से सरपंच का चयन : दोनों ब्लॉक में गांव ढुंढवा, शिमला, कौलेखां, ढुंढवा, आंधली, ककराला कुच्चियां, डेरा प्रेमपुरा व रामथली में सर्वसम्मति से सरपंच का चयन हो चुका है।