पंचायत चुनाव के पहले चरण में कैथल व गुहला ब्लॉक मेें होने वाले चुनाव के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। इसी के साथ जिले में चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है। जिले में अक्टूबर माह में तीन ब्लॉकों में पंचायत चुनाव के लिए आवेदन करने वाले 5636 उम्मीदवारों में से लगभग 1700 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद होगी। ये उम्मीदवार सरकार द्वारा निर्धारित की गई शर्तों पर खरा नहीं उतर रहे हैं। दूसरी ओर जो चौधरी सरकार द्वारा निर्धारित की गई शर्तों पर खरा नहीं उतर रहे हैं, उन्होंने अपने बेटा-बेटियों या बहुओं को उम्मीदवार बनाने का विचार बना लिया है।
अक्तूबर में किया था 5636 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल
जिले में अक्तूबर माह में 15 से 19 अक्तूबर तक जिले में पहले चरण में पूंडरी, गुहला एवं राजौंद ब्लॉक के लिए 5636 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें जिला परिषद के 274, ब्लॉक समिति के 481, सरपंच के लिए 1412 एवं पंच के लिए 3469 उम्मीदवार मैदान में आ चुके हैं।
इन उम्मीदवारों में से जिला परिषद के लिए लगभग 44 उम्मीदवार ऐसे हैं जो कम पढ़े लिखे या फिर बिल्कुल भी पढ़ना लिखना नहीं जानते। इसी प्रकार से ब्लॉक समिति में 105 उम्मीदवार ऐसे हैं जो पढ़ना लिखना नहीं जानते। तो सरपंच पद के लिए 417 उम्मीदवार अयोग्य घोषित हो सकते हैं। वहीं पंचायत सदस्यों में 1143 उम्मीदवार पढ़े लिखे नहीं हैं। इसीलिए इनकी दावेदारी रद होना तय मानी जा रही है।
इन बातों का रखें उम्मीवार ध्यान
1. जिन उम्मीदवारों ने पहले नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। उन उम्मीवारों को दोबारा नामांकन पत्र दाखिल करने की आवश्यकता नहीं हैं। उन्हें केवल फार्म 4ए और 4 बी भरना होगा। नई तिथि में नए उम्मीदवार भी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
2. नामांकन पत्र दाखिल करते समय अपने ऋण अदायगी के प्रमाण पत्र अवश्य लगाएं।
3. ग्राम पंचायतों में सरपंच व पंच के नामांकन पत्र ग्राम पंचायतों में, ब्लॉक समिति के बीडीपीओ कार्यालय एवं जिला परिषद के जिला सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।
4. चुनाव के दौरान खर्च विवरण रखें। जो भी उम्मीदवार अपने खर्च का विवरण नहीं देगा। उसका चुनाव जीतने के बाद भी रद हो सकता है।
5. छुट्टी के दिनों में 25 दिसंबर, 27 दिसंबर और 3 जनवरी को नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे।
6. वीरवार को जिले में पहले चरण के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। दूसरे चरण के लिए 23 दिसंबर और तीसरे चरण के लिए 30 दिसंबर को नोटिस जारी किया जाएगा।
7. जिला परिषद के लिए पूरे जिले में पहले चरण में ही नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 23 से 29 दिसंबर तक जिला परिषद के लिए नामांकन पत्र दाखिल होंगे।
गांवों में चौपालों पर चर्चाओं का दौर गर्म, बनने लगे हैं समीकरण
पंचायत चुनाव के साथ ही गांवों में चर्चाओं का दौर गर्म हो चला है। चौपालों में हुक्कों की गुड़गुड़ाहट में उम्मीदवारों का भविष्य तय होने लगा है। कई गांवों में सहमति पर भी चर्चाएं चल रही हैं। गांव नौच निवासी कंवरभान ने बताया कि उसने अपने 23 वर्षीय बेटे को चुनावी समर में उतारने का फैसला लिया है। इस बार सरकार द्वारा निर्धारित की गई शर्तों के अनुसार नए एवं युवा उम्मीदवार आगे आएंगे। इससे पंचायतों के कामकाज पर भी असर जरूर पड़ेगा।
वीरवार को प्रथम चरण के लिए चुनावी नोटिस जारी कर दिया गया है। पहले चरण में कैथल व गुहला ब्लॉक में चुनाव होंगे। सरपंच व पंच के लिए ग्राम पंचायत में, ब्लॉक समिति के लिए बीडीपीओ कार्यालय एवं जिला परिषद के लिए लघु सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
राजेश दुग्गल, डीडीपीओ कैथल।