सीवन अनाज मंडी में धान की खरीद करते अधिकारी व कर्मचारी। विज्ञप्ति
सीवन। सीवन अनाज मंडी में धान की आवक बढ़ने के साथ खरीद प्रक्रिया ने भी रफ्तार पकड़ ली है। पांच अक्तूबर से शुरू हुई खरीद के चौथे दिन बुधवार को तीनों खरीद एजेंसियों ने मंडी में पहुंच रही धान की फसल की खरीद जारी रही। खरीद के साथ तुलाई, लोडिंग और उठान का काम भी चलता रहा। मार्केट कमेटी के चेयरमैन शमशेर सैनी खानपुर, वाइस चेयरमैन विक्रम मुंजाल, मंडी प्रधान अमरेंद्र सिंह खारा और सचिव मनजीत ने मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि किसानों और आढ़तियों को खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सचिव मनजीत ने बताया कि मंडी में अब तक पहुंची धान की करीब 80 प्रतिशत फसल की खरीद पूरी हो चुकी है। तुलाई और लोडिंग का काम निगरानी में कराया जा रहा है। खरीदी गई धान की फसल का समय पर उठान करवाने के लिए भी व्यवस्था की गई है। मार्केट कमेटी चेयरमैन शमशेर सैनी खानपुर ने कहा कि किसानों की फसल की खरीद में पारदर्शिता और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। वाइस चेयरमैन विक्रम मुंजाल ने कहा कि खरीद एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क रखा जा रहा है। मंडी प्रधान अमरेंद्र सिंह खारा ने कहा कि आवक बढ़ने के साथ खरीद कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीवन अनाज मंडी में धान की खरीद करते अधिकारी व कर्मचारी। विज्ञप्ति