संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (पैक्स) कर्मचारी महासंघ हरियाणा संबंध सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य स्तरीय विस्तारित बैठक हनुमान वाटिका में हुई। बैठक में एसकेएस की होने वाली चार फरवरी की आक्रोश रैली की तैयारी पर विचार-विमर्श किया।
राज्य संयोजक रमेश कुमार ने कहा कि राज्यभर से पैक्स कर्मचारी सैकड़ों की संख्या में भाग लेकर रैली को मजबूत करेंगे। बैठक में एसकेएस के जिला प्रधान शिवचरण, जिला ऑडिटर व फायर कर्मचारियों के नेता जयप्रकाश टीक, पैक्स के राज्य संयोजक रमेश कुमार पाड़ला, सह संयोजक रणधीर राधव ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार कर्मचारियों की लंबित व जायज मांगों को पूरा करने की बजाय अनसुना करके विश्वासघात कर रही है। आने वाले समय में कर्मचारी करारा जवाब देंगे।
नेताओं कहा कि पैक्स कर्मचारी महासंघ अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन करके सरकार के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं, लेकिन आज तक सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिला। अब भी दो जनवरी को नोटिस देकर आठ जनवरी से मुख्यमंत्री के आवास पर धरना-प्रदर्शन जारी है और अगर जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को ओर तेज किया जाएगा। इस अवसर पर जय सिंह फतेहबाद, राजेंद्र कुमार हिसार, अशोक महता कुरुक्षेत्र, जसबीर सिंह करनाल, सुभाष नादल, पोलू राम, मनजीत सिंह, सुनिल कुमार व निशान सिंह आदि मौजूद रहे।