संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बुलेट बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वालों के खिलाफ जिला यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वीरवार सुबह पिहोवा चौक पर पुलिस ने रोड रोलर चलवाकर 70 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट करवा दिए।
यातायात थाना प्रभारी रमेश ने बताया कि पुलिस ने पहले कार्रवाई के दौरान इन साइलेंसरों को उतरवाकर जब्त किया था। अब इन्हें नष्ट करने का उद्देश्य दोबारा इस्तेमाल पर रोक लगाना है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई।
स्कूल-कॉलेजों के बाहर तेज आवाज से होती थी परेशानी
यातायात थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि कुछ युवक बुलेट बाइकों में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर चलते थे। स्कूल-कॉलेजों के बाहर ऐसे साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकाली जाती थी। इससे विद्यार्थियों और आसपास के लोगों को परेशानी होती थी। साथ ही, अचानक तेज धमाके जैसी आवाज से क्षेत्र में दहशत का माहौल बनता था।
मैकेनिक बुलाकर उतरवाए थे साइलेंसर
पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बाइक चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान किए थे। इसके बाद मौके पर मैकेनिक बुलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए गए और उनकी जगह निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर लगवाए गए। जब्त किए गए साइलेंसरों को अब रोड रोलर की मदद से नष्ट करवा दिया गया है, ताकि इन्हें दोबारा किसी वाहन में इस्तेमाल न किया जा सके।