कैथल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए अभी भी मौका है। विभाग की ओर से पोर्टल पर आवेदन और ट्रेड चयन दोनों प्रक्रियाएं एक साथ संचालित की जा रही हैं। ऐसे में नए विद्यार्थी 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं और आवेदन के तुरंत बाद अपनी पसंद के ट्रेड का चयन भी कर सकते हैं।
विभाग का कहना है कि ट्रेड चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मेधा सूची जारी करने का शेड्यूल घोषित किया जाएगा। वहीं आवेदन के मामले में कैथल राजकीय आईटीआई प्रदेश में शीर्ष स्थान पर चल रही है और अब तक छह हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इन दिनों पोर्टल पर अपनी पसंदीदा ट्रेड का चयन कर रहे हैं। वहीं जिन विद्यार्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके लिए भी पोर्टल खुला हुआ है जिससे वे आवेदन करने के साथ ही ट्रेड चयन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। मेधा सूची का शेड्यूल भी जल्द ही जारी होने की उम्मीद है।
नहीं कर पा रहे थे ट्रेड का चयन, बढ़ानी पड़ी अंतिम तिथि
कुछ दिन पहले तक पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों के कारण कई अभ्यर्थी ट्रेड का चयन नहीं कर पा रहे थे। हालांकि पिछले दो दिनों से पोर्टल पूरी तरह सुचारु रूप से कार्य कर रहा है। अब आवेदन, ट्रेड चयन और चॉइस लॉक करने की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो रही है। इससे प्रवेश प्रक्रिया में तेजी आई है और विद्यार्थियों की परेशानी भी काफी हद तक दूर हुई है।
19 आईटीआई में 4 हजार विद्यार्थी लेंगे दाखिला
जिले में 9 राजकीय और 10 निजी आईटीआई संचालित हैं, जहां विभिन्न तकनीकी व रोजगारपरक ट्रेडों में करीब चार हजार सीटों पर दाखिले होने हैं। हर वर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए आईटीआई का रुख करते हैं। ऐसे में विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें बल्कि समय रहते आवेदन, ट्रेड चयन और चॉइस लॉक की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि मेधा सूची जारी होने के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विद्यार्थी 15 जुलाई तक आवेदन करने के साथ-साथ ट्रेड चयन भी कर सकते हैं। मेधा सूची का शेड्यूल ट्रेड चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी किया जाएगा। सभी अभ्यर्थी समय रहते अपना विकल्प भरने और उनको लॉक करना सुनिश्चित करें, क्योंकि इसके बाद कोई अवसर नहीं मिलेगा।
– सतीश मच्छाल, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, कैथल।
राजकीय आईटीआई में आवेदन के लिए पहुंचे विद्यार्थी। संवाद- फोटो : सांकेतिक