संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला में चल रही ग्रुप डी-सीईटी की परीक्षा चल रही है। पहले दिन दोनों चरणों में 37440 अभ्यर्थियों में से 24431 ने परीक्षा दी है। जिसमें प्रात कालीन सत्र में 18 हजार 720 परीक्षार्थियों में से 12 हजार 218 व सायंकालीन सत्र में 12 हजार 213 परीक्षार्थियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों में परीक्षा दी। प्रवेश के समय दो चरणों में सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया।
पहले चरण में अभ्यर्थी के दस्तावेजों की जांच की और दूसरे चरण में अभ्यर्थी के पास प्रवेश कार्ड व पैन के अलावा कोई अन्य वस्तु तो नहीं इसकी जांच की। इसके बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के दृष्टिगत डीसी प्रशांत पंवार व एसपी उपासना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा करके चल रही परीक्षा का अवलोकन किया। डीसी प्रशांत पंवार व एसपी उपसना ने कई स्कूलों में बने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यरत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जो नियम निर्धारित किए गए हैं, उसी के अनुरूप पूरी परीक्षा प्रक्रिया संपन्न करवानी है।
उन्होंने कहा कि जिला में दो दिन ग्रुप डी-सीईटी की परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए विभिन्न स्थानों पर 51 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर की दायरे में पहले से ही धारा 144 के आदेश पारित किए गए हैं। सेंटरों में सीसीटीवी कैमरों व जैमर्स की व्यवस्था की गई है। डयूटी मैजिस्ट्रेट के साथ-साथ उडऩ दस्ते भी निरंतर सभी परीक्षा केंद्रों में निरीक्षण कर रहे हैं।