कलायत। श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय कलायत के प्रांगण में राष्ट्रीय सेवा योजना और विशेष दिवस आयोजन कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छात्राओं और महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने भाग लिया। रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. राम जुवारी ने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त संविधान है। उन्होंने बताया कि संविधान में समय-समय पर संशोधन होते रहे हैं और इसके तहत प्रत्येक नागरिक को अपने मूलभूत अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति सचेत रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार और उद्यमिता के अवसरों के लिए संविधान के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. राम जुवारी ने छात्राओं को संविधान की उद्देशिका के प्रति अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। संवाद