संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में पांच लाख रुपये की लागत से ऑपरेशन थियेटर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस कार्य के लिए लोक एवं निर्माण विभाग की ओर से आचार संहिता से पहले ही निविदा सूचना भी जारी कर दी गई थी। अब जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पहले टाइलों को बदला जाएगा और शौचालयों का निर्माण भी दोबारा करवाया जा रहा है। ऑपरेशन थियेटर में होने वाले पांच लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों में शौचालय निर्माण, फर्श निर्माण व दीवारों में आई सीलन को दूर किया जाएगा।
इस समय अस्पताल की हालत बदहाल होने के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या तो उन मरीजों को होती है, जिन्हें अस्पताल में दाखिल रहना पड़ता है। अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मरीजों को राहत मिलेगी और अस्पताल में भी सुधार हो पाएगा।
चल रहा मरम्मत कार्य
सामान्य अस्पताल में पहले ही साढ़े तीन करोड़ रुपये से मरम्मत कार्य जारी है। यह काम अगले छह महीने में ही पूरा हो जाएगा। इसमें भी टाइलें लगाने और शौचालय की मरम्मत का काम किया जा रहा है। साथ ही अस्पताल में सामान्य और आपातकालीन वार्ड में सीलन के कारण हो रही लीकेज की समस्या को दूर करने के काम किया जा रहा है।
पिछले साल ही ऑपरेशन थियेटर के जीर्णोद्धार की मंजूरी मिली थी। अभी आचार संहिता से पहले ही इसकी निविदा सूचना लोक एवं निर्माण विभाग की ओर से जारी की गई है। इसके लिए पांच लाख रुपये जारी किए गए हैं। अब जल्द ही वर्क आर्डर जारी होगा। इसके बाद निर्माण का कार्य शुरू करवाया जाएगा। - डॉ. सचिन मांडले, जिला प्रधान चिकित्सा अधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल, कैथल।