विजेता खिलाड़ियों के साथ प्रधानाचार्या व डीपीई। विज्ञप्ति
कैथल। फरीदाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय स्क्वैश प्रतियोगिता में ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल कैथल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु वर्गों में पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में स्कूल की लड़कों और लड़कियों की टीमों ने चार वर्गों में दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं स्कूल के पांच खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की स्क्वैश प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें ओएसडीएवी स्कूल की अंडर-14 लड़कों की टीम ने तीसरा और अंडर-17 लड़कों की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार अंडर-17 और अंडर-19 लड़कियों की टीमों ने भी तीसरा स्थान प्राप्त कर पदक जीते। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्या अंजु तलवाड़ और स्टाफ सदस्यों ने पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया। प्रधानाचार्या ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए प्रतिभा के साथ नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी है। खिलाड़ियों की मेहनत के साथ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का भी इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
यज्ञ, प्रतीक, सूर्यांश, निष्ठा और नेहा खेलेंगे राष्ट्रीय प्रतियोगिता
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर स्कूल के पांच खिलाड़ियों यज्ञ, प्रतीक, सूर्यांश, निष्ठा और नेहा का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से स्कूल में खुशी का माहौल है।
विजेता खिलाड़ियों के साथ प्रधानाचार्या व डीपीई। विज्ञप्ति