संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत आयोजित की जाने वाली साइक्लोथॉन यात्रा के लिए सामाजिक संस्थाओं से पंजीकरण कराने के लिए डीसी प्रीति ने कहा। यह 22 अप्रैल को जिला कैथल में प्रवेश करेगी।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में बुधवार को डीसी ने समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि साइक्लोथॉन यात्रा का आयोजन पांच अप्रैल से किया जा रहा है। जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करना है। यह यात्रा प्रदेश के सभी 22 जिलों में जाएगी। मुख्य रूप से उन गांव व कस्बों को कवर करेगी, जहां नशे का ज्यादा प्रभाव है।
डीसी प्रीति ने बताया कि साइक्लोथॉन यात्रा का समापन सिरसा जिले में 27 अप्रैल को होगा। इस यात्रा में भाग लेने के लिए वेबसाइट https://uday.haryana.gov.in/ पर जाकर अपना पंजीकरण करवाएं। डीसी ने कहा कि प्रारंभिक रूट प्लान के अनुसार साइकिल यात्रा 22 अप्रैल को जिले में ढांड, फरल, पूंडरी व मूंदड़ी से होते हुए 23 अप्रैल को कलायत से जींद जिले की ओर रवाना होगी।
उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है।