कैथल। जिला नागरिक अस्पताल में आंखों के ऑपरेशन की सुविधा का इंतजार कर रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अस्पताल में कार्यरत नियमित नेत्र रोग विशेषज्ञ के एक माह के लंबे अवकाश पर जाने के कारण बंद हुई सर्जरी अब पुनः शुरू हो सकेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए अंबाला से नेत्र रोग विशेषज्ञ को यहाँ नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वह सोमवार से नागरिक अस्पताल में आना शुरू होंगे। पिछले करीब एक सप्ताह से नेत्र रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति के कारण ओपीडी और सर्जरी दोनों प्रभावित हो रही थीं। विशेष रूप से मोतियाबिंद के उन मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिनकी सर्जरी की तारीखें नजदीक थीं। सरकारी अस्पताल में सुविधा न मिलने के कारण कई गरीब मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था या वे अपनी सर्जरी टालने पर मजबूर थे। प्रशासन ने मरीजों के स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए अंबाला स्वास्थ्य मुख्यालय से पत्राचार किया था, जिसके बाद अब वैकल्पिक व्यवस्था पर मुहर लग गई है।
हो सकेंगी सर्जरी
जानकारी के अनुसार, अंबाला से आने वाले विशेषज्ञ सप्ताह के कुछ निर्धारित दिनों में नागरिक अस्पताल में सेवाएं देंगे। इन दिनों में न केवल ओपीडी में मरीजों की जांच की जाएगी, बल्कि ऑपरेशन थिएटर में लंबित सर्जरी को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। अब उन मरीजों की सूची तैयार की जा रही है जिनके ऑपरेशन टाले गए थे या जिन्हें आगे की तिथि दे दी गई थी। हालांकि प्रबंधन का ये भी कहना है कि अभी ऐसा कोई मरीज नहीं है जो वेटिंग में हो।
स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतरता पर जोर
सिविल सर्जन डाॅ. रेनू चावला का कहना है कि विभाग का प्रयास है कि किसी भी विशेषज्ञ के अवकाश पर जाने से मरीजों की सेवाएं बाधित न हों। अंबाला से विशेषज्ञ के आने से स्थानीय स्टाफ को भी सहयोग मिलेगा और ऑपरेशन सुचारू हो सकेंगे।