कैथल। शिक्षा विभाग की ओर से जिले के 162 निजी स्कूलों के एमआईएस यानी मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम पोर्टल बंद किए जाने के बाद स्कूलों में दाखिले से लेकर प्रमाणपत्र जारी करने तक कई ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो गए हैं। निजी स्कूल संचालकों ने विभाग से एमआईएस तुरंत शुरू करने की मांग की है।
वहीं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि पूरी कार्रवाई मुख्यालय ने की है। जिला स्तर पर अब तक कोई लिस्ट उपलब्ध नहीं करवाई गई है और न ही कोई पत्र मिला है लेकिन ये जरूर है कि कार्रवाई केवल उन स्कूलों पर की गई है, जिन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत आरक्षित सीटों का विवरण और मान्यता संबंधी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं कराए।
वहीं एमआईएस बंद होने से निजी स्कूलों में नए विद्यार्थियों के ऑनलाइन दाखिले रुक गए हैं। एससी, बीसी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन नहीं भरे जा रहे हैं। इसके अलावा ट्रांसफर प्रमाणपत्र, मार्कशीट, माइग्रेशन जारी करने, यू-डाइस, आधार सीडिंग और अन्य जरूरी ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट करने का कार्य भी प्रभावित हो गया है। स्कूल संचालकों का कहना है कि इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
पोर्टल जल्द खोले सरकार : खुशी राम दलाल
सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल मागो माजरी के एमडी खुशी राम दलाल ने कहा कि निजी स्कूलों के एमआईएस पोर्टल बंद करना उचित नहीं है। इससे स्कूलों के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सरकार को निजी स्कूलों के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को देखते हुए जल्द से जल्द पोर्टल बहाल कर आवश्यक सहयोग देना चाहिए।
सहयोग करे विभाग, परेशानी नहीं : महीपाल कौशिक
ओएसडीएन पब्लिक स्कूल कैथल के प्रिंसिपल महीपाल कौशिक ने कहा कि बार-बार निजी स्कूलों के एमआईएस पोर्टल बंद करना शिक्षा विभाग के कठोर रवैये को दर्शाता है। इससे स्कूलों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। सरकार को निजी स्कूलों को परेशान करने के बजाय सहयोग करना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा निर्बाध रूप से मिलती रहे।
बच्चों का भविष्य न हो प्रभावित : राजकुमार
जाट स्कूल कैथल के प्रधान राजकुमार बुढ़ा खेड़ा ने कहा कि स्कूलों के एमआईएस पोर्टल बंद करना पूरी तरह अनुचित है। इससे विद्यार्थियों के दाखिले, प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी स्कूलों के पोर्टल शीघ्र खोले जाएं, ताकि बच्चों का भविष्य और स्कूलों का नियमित कामकाज प्रभावित न हो।
एमआईएस तुरंत शुरू किया जाए : जितेंद्र सिंह
शिक्षा भारती स्कूल कलायत के प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह ने कहा कि एमआईएस पोर्टल बंद होने से हजारों विद्यार्थियों के जरूरी कार्य प्रभावित हो गए हैं। दाखिले, प्रमाणपत्र और अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाएं ठप हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी निजी स्कूलों के एमआईएस पोर्टल तुरंत शुरू किए जाएं, ताकि स्कूलों का नियमित कार्य सुचारु रूप से चल सके।
स्थायी मान्यता प्राप्त स्कूलों को मिले राहत : विजय कुमार
एमडीएन स्कूल कलायत के प्रिंसिपल विजय कुमार ने कहा कि सरकार को निजी स्कूलों के एमआईएस पोर्टल बंद नहीं करने चाहिए थे। उन्होंने मांग की है कि स्थायी मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों को मान्यता नवीनीकरण की प्रक्रिया में समान राहत दी जाए। इससे स्कूलों का शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित हो सके।
एमडी खुशी राम दलाल
एमडी खुशी राम दलाल
एमडी खुशी राम दलाल
एमडी खुशी राम दलाल