संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। खाटू श्याम में आयोजित होने वाले वार्षिक फाल्गुन मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने के लिए रेलवे प्रशासन ने कुरुक्षेत्र से फुलेरा तक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। मेले के दौरान लाखों की संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे ट्रेनों और बसों में भारी भीड़ रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया। यह ट्रेन सोमवार से 28 फरवरी तक संचालित रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं को खाटू श्याम धाम तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी और यात्रा सुगम हो सकेगी। रेलवे विभाग के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन कुल 12 ट्रिप के रूप में चलाई जाएगी। ट्रेन प्रतिदिन रात 11:30 बजे कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। सुबह समय पर पहुंचने से श्रद्धालु दिन में ही मंदिर पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे। इस सुविधा से हरियाणा और राजस्थान के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अनारक्षित श्रेणी की यह ट्रेन आम यात्रियों के लिए किफायती और सुविधाजनक साबित होगी।
स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि यह ट्रेन रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी यात्रा का लाभ मिल सके। ट्रेन कैथल, नरवाना, जींद, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, नारनौल, अस्थल बोहर, कुंड, अटेली, डाबला, नीम का थाना, कांवट सहित अन्य स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों की संख्या को देखते हुए ट्रेन में कुल 24 डिब्बे लगाए गए हैं, जिनमें 22 जनरल कोच और 2 गार्ड कोच शामिल हैं। संवाद