संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया के तहत आवेदन की स्थिति बेहद कमजोर रही है। मंगलवार को आवेदन की अंतिम तिथि थी, जिसमें दोपहर तक विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए 990 सीटों के मुकाबले महज 202 अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया। यह संख्या उपलब्ध सीटों की तुलना में काफी कम रही।
विश्वविद्यालय में शास्त्री (बीए) पाठ्यक्रम की 250 सीटों के लिए मात्र 45 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि आचार्य पाठ्यक्रम की 280 सीटों के मुकाबले केवल 62 आवेदन ही आए हैं। इसी तरह विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की 460 सीटों के लिए 95 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। कुल मिलाकर विश्वविद्यालय की 990 सीटों के सापेक्ष केवल 202 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं।
आज जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट
प्रवेश प्रक्रिया के तहत 24 जून को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थी 24 से 30 जून तक प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे। हालांकि आवेदन कम होने के कारण पहली मेरिट सूची औपचारिकता मात्र रह जाने की संभावना है। इसके बाद रिक्त सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी।
वर्जन
उम्मीद के मुकाबले आवेदन कम रहे हैं, लेकिन आगामी चरणों में आवेदन संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि रिक्त सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी और विलंब शुल्क के साथ भी प्रवेश का अवसर उपलब्ध रहेगा।
- गोविंद वल्लभ, पीआरओ, महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय, कैथल।