One person dies, contractor and laborer injured due to falling of a shop under construction in Mayapuri Colony
- फोटो : Kaithal
कैथल। करनाल रोड स्थित मायापुरी कॉलोनी में शनिवार की देर शाम निर्माणाधीन दुकान का लेंटर गिरने से तीन व्यक्ति मलबे में दब गए। जेसीबी की मदद से तीनों को मलबे से निकाला गया, जिसमें मिस्त्री की मौत हो गई, जबकि ठेकेदार और मजदूर को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के परिजनों ने दुकान मालिक पर तेजी से काम करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के बहनोई की शिकायत पर दुकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मायापुरी कॉलोनी निवासी विनोद कुमार ने बताया कि वह चिनाई के कार्य का ठेकेदार है। उसने गोल्डन पाम पैलेस के सामने सोनू की दुकान बनवाने का ठेका लिया है। 25 दिसंबर को जब वह मिस्त्री और मजदूरों को लेकर काम कर रहा था तो दुकान का लेंटर गिर गया। हादसे में उसका 34 वर्षीय साला थुआ निवासी मिस्त्री सतबीर सिंह और मजदूर गुरचरण सहित तीनों लेंटर के नीचे मलबे में दब गए। जिस समय लेंटर गिरा उस समय सतबीर लेंटर का काम पूरा होने के बाद दुकान के अंदर खड़ा था और विनोद लेंटर के ऊपर खड़ा था। गोल्डन पाम पैलेस कैथल निवासी गुरचरण पुत्र लीलूराम उनके साथ मजदूरी का काम कर रहा था। शनिवार देर शाम हुए हादसे में मौके पर ही सतबीर की मौत हो गई। आरोप है कि यह हादसा दुकान मालिक सोनू द्वारा जल्दी दुकान बनवाने के लिए दबाव देने से हुआ। उन्होंने दुकान मालिक सोनू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सिविल लाइन थाना एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के परिजनों की शिकायत के अनुसार दुकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।
One person dies, contractor and laborer injured due to falling of a shop under construction in Mayapuri Colony- फोटो : Kaithal