बच्चों को यातायात के नियमों की जानकारी देने के लिए पुलिस विभाग की ओर से जिले के 747 सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में परीक्षा का आयोजन करवाया। एक लाख 42 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान यातायात प्रभारी रमेश चंद्र व आरएसओ प्रधान सुरेंद्र कुमार सहित अन्य सहयोगियों ने निरीक्षण किया।
जिला यातायात प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि बच्चों को यातायात के नियमों की जानकारी के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा सुबह दस बजे से 11 बजे तक चली। परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित किया जाएगा।
परीक्षा में पहले तीन स्थानों पर रहने वाले विद्यार्थियों के लिए ब्लॉक स्तर पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को जिलास्तर पर परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा।
पवनार स्कूल में जिला ट्रैफिक पुलिस की ओर से परीक्षा आयोजित की गई जिसमें स्कूल के करीब 450 विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य जोगिंद्र सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि यातायात नियम आधारित परीक्षा ट्रैफिक पुलिस का एक सराहनीय कदम है।
परीक्षा संपन्न करवाने में राकेश, नरेश, पूजा, राकेश व अन्य अध्यापकों का विशेष योगदान रहा। दूसरी ओर वन्य प्राणी संरक्षण पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सीवन में भी आयोजन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन के प्रांगण में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जानकारी देने हेतु सड़क सुरक्षा प्रतियोगिता आयोजन किया गया। प्रतियोगिता विद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य लक्ष्मण कामरा की अध्यक्षता में हुई जिसमें कई विद्यार्थियों ने भाग लिया।
राजौंद में भी हुआ आयोजन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजौंद में सड़क सुरक्षा परीक्षा प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। परीक्षार्थियों को तैयारी करने के लिए एसएचओ राजौंद की ओर से सहायक पुस्तकें उपलब्ध करवाई गईं। खंड शिक्षा अधिकारी दलीप सिंह के निर्देश से स्कूलों में परीक्षा की व्यवस्था की गई। खंड शिक्षा अधिकारी दलीप सिंह व राजौंद थाना प्रभारी ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। स्कूल में आयोजित इस परीक्षा में 60 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।