कैथल। आमजन से ठगी करने वालों पर जिला पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में थाना चीका पुलिस ने युवती को नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच थाना चीका एसएचओ पीएसआई अमन कुमार की अगुवाई में एसआई राजेश कुमार की टीम द्वारा की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चीका निवासी युवती दवेंद्र कौर ने शिकायत दी कि उसके पिता कश्मीर सिंह की जान-पहचान अमर सिटी कॉलोनी चीका निवासी शमशेर सिंह से थी, जो खुद को एक चैनल और कई समाचार पत्रों का पत्रकार बताता था। शमशेर ने युवती के पिता से कहा कि वह उनकी बेटी को सरकारी नौकरी दिलवा सकता है और एसबीआई बैंक में डाटा एंट्री ऑपरेटर (क्लर्क) के पद पर नियुक्त करवाने की बात कही। इसके लिए उसने एक लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार, युवती के पिता ने अप्रैल और मई महीने में आरोपी को पूरी रकम दे दी, लेकिन इसके बाद आरोपी नौकरी लगवाने के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने कौशल रोजगार निगम में नौकरी लगने का एक फर्जी लेटर भी दे दिया। जब युवती और उसके पिता आरोपी के दफ्तर पहुंचे तो उसने अभद्र व्यवहार किया और रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद युवती ने थाना चीका में मामला दर्ज कराया।पुलिस ने आरोपी शमशेर सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया गया है। पुलिस अब उससे ठगी के पैसों और फर्जी नियुक्ति पत्र से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।