संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। क्रेडिट कार्ड पर सक्रिय प्रोटेक्शन प्लान हटवाने का झांसा देकर अज्ञात साइबर ठग ने एक युवक से एक रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक भेजकर युवक से क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरवाई और चंद मिनटों में उसके खाते से रकम पार कर ली। मामले की शिकायत साइबर थाना में दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीवन निवासी देवेंद्र मिड्ढा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 मई 2025 को उसके पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर प्रोटेक्शन प्लान सक्रिय है, जिसके लिए वार्षिक शुल्क लिया जाता है। फोन करने वाले ने विश्वास दिलाया कि यदि वह यह प्लान हटवा लेता है तो उसे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा और अतिरिक्त शुल्क से भी बच जाएगा।
लिंक भेजकर मांगी थी क्रेडिट कार्ड की जानकारी ः फोन पर बातचीत के दौरान कॉल करने वाले ने देवेंद्र के व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजा और उसमें क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरने को कहा। जैसे ही देवेंद्र ने लिंक पर क्लिक कर अपनी कार्ड डिटेल दर्ज की, उसके खाते से 1,03,416 रुपये कट गए। कुछ ही देर में मोबाइल पर ट्रांजैक्शन का मैसेज आने पर उसे ठगी का अहसास हुआ। तब साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
साइबर थाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बैंक खातों और ट्रांजैक्शन डिटेल की पड़ताल की जा रही है।