संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। टीक गांव में कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज पर बाइक व कार की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। बाइक पर सवार महिला व एक युवक कैथल में जेल में बंद किसी रिश्तेदारी से मिलने आ रहे थे, लेकिन उनके साथ रास्ते में ही दुर्घटना हो गई।
मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना कैथल शिकायत देकर ढांड निवासी अंकित ने बताया कि वह आईटीआई प्रथम वर्ष का छात्र है। रविवार सुबह के समय वह और उसकी 47 वर्षीय बुआ पिंकी उसकी बाइक पर सवार होकर जेल में बंद एक रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। बाइक को वह चला रहा था। साथ में पीछे उसकी बुआ बैठी थी। जब वह टीक रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचा तो पीछे से एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में वह और उसकी बुआ बाइक सहित रेलवे ओवरब्रिज के साइड में बने डिवाइडर से टकरा गए। उसकी बुआ पिंकी का रेलवे पुल के डिवाइडर पर सिर लगा। जबकि उसे मामूली चोटें आई। पहले तो कार चालक ने कार रोकी, लेकिन उसकी बुआ की हालत गंभीर देख वह फरार हो गया।
जब बुआ पिंकी को इलाज के लिए कैथल के एक निजी अस्पताल में लेकर गए तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया। सदर थाना के जांच अधिकारी एसआई वजीर सिंह ने बताया कि मृतक महिला के भतीजे अंकित की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।