कलायत। दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ पिछले 20 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुग को दिल्ली पुलिस की ओर से अवैध तरीके से उठाए जाने और अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की घटना के विरोध में कलायत में छात्र-युवाओं के समर्थन में एक दिवसीय सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा। यह सत्याग्रह 19 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक गौशाला मार्केट, कलायत में आयोजित होगा। कलायत जागरूक नागरिक मंच की ओर से जसविन्द्र राणा ने बताया कि देशभर के छात्र-युवा अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण ने लाखों मेहनती युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है। ऐसे समय में समाज के हर जागरूक नागरिक का यह दायित्व बनता है कि वह युवाओं की इस न्यायपूर्ण लड़ाई के साथ खड़ा हो।