कैथल। पुलिस ने अतिरिक्त अनाज मंडी में चाय के खोखे की आड़ में अवैध शराब बेचने वाले आरोपी चंदाना रोड निवासी सोहन लाल को काबू कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 48 बोतल देसी शराब बरामद की। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि चौकी अनाज मंडी में तैनात एएसआई विनेश कुमार की टीम गश्त कर रही थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि युवक अतिरिक्त अनाज मंडी में चाय के खोखे पर शराब बेचने का धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सोहन लाल को काबू किया। तलाशी के दौरान खोखे में फ्लैक्स बोर्ड के नीचे रखी चार गत्ता पेटियां मिलीं। इनमें देसी शराब की 48 बोतलें रखी हुई थीं। पुलिस ने शराब कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।