कैथल। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश में पांच लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक एक लाख 50 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। ड्रोन दीदी योजना में 500 स्वयं सहायता समूहों की पांच हजार महिलाओं को ड्रोन पायलट का मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान करेगी। अब तक 100 महिलाओं को ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण देकर, उन्हें मुफ्त ड्रोन दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को आने-जाने की सुविधा के लिए अब तक 15 लाख हैप्पी कार्ड जारी किए गए हैं। आगामी 15 दिसंबर तक पांच लाख कार्ड और जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 15 हजार 250 गरीब परिवारों को 30-30 वर्ग गज के प्लाट दिये गए हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत एक लाख गरीब परिवारों के घरों पर मुफ्त सोलर सिस्टम लगवाने का काम भी किया जा रहा है। संवाद