कैथल। गढ़ी-पाडला रोड पर बाइक सवार तीन आरोपियों की ओर से एक मोटरसाइकिल रेहड़ी चालक पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पाडला से आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मामले में अन्य दो आरोपी साहिल और हर्ष की गिरफ्तारी होना बाकी है।
गौरतलब है कि गौरव ने पीड़ित गांव दिल्लोवाली निवासी रवि प्रकाश पर अपने अन्य साथी साहिल पर कड़ों से हमला किया था। वहीं, मुख्य आरोपी हर्ष ने गोली चलाई थी। पीड़ित की शिकायत के पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी गौरव को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
यह है पूरा मामला ः गौरतलब है कि गांव दिल्लोवाली निवासी 35 वर्षीय युवक रवि प्रकाश बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह कैथल शहर से अपनी मोटरसाइकिल वाली रेहड़ी पर अपने गांव वापस जा रहा था। जब वह गढ़ी-पाडला रोड पर ड्रेन के पास पहुंचा तो यातायात पुलिस ने नाका लगाया था। पुलिस के भय के चलते पीड़ित वहां से वापस जाने लगा तो एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने रेहड़ी को टक्कर मारी। टक्कर मारने के बाद आरोपी गौरव व साहिल ने पीड़ित से मारपीट की। विरोध करने पर आरोपी हर्ष ने पिस्तौल निकाली और उसके सीने पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग गए। उसने राहगीरों की मदद से इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सरकारी अस्पताल भेजा गया था।
शहर थाना प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस पाडला गांव से आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं। इन आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। संवाद