कैथल। विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन कैथल की परिवहन शाखा में विधिवत रूप से भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापित की गई। इस अवसर पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की और हवन में आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में डीएसपी बीर भान, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रमेश चंद्र, डीएसपी रोहताश, डीएसपी हरदीप सिंह, एमटीओ एएसआई रामपाल, टीएएसआई रघुबीर और सहायक पीआरओ जगदीश सहित अनेक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मशीनों और औजारों के उपयोग से जुड़े लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है दिन
डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का प्रथम शिल्पकार और निर्माण व तकनीकी कौशल का देवता माना जाता है। विश्वकर्मा दिवस उन सभी लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है, जो अपने काम में मशीनों, औजारों और तकनीकी उपकरणों का उपयोग करते हैं। पुलिस विभाग की परिवहन शाखा में भी वाहनों और अन्य तकनीकी संसाधनों के रखरखाव, मरम्मत और संचालन में कर्मचारियों की अहम भूमिका रहती है।
ऐसे आयोजनों से मजबूत होती है आपसी भाईचारे की भावना
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन आपसी भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस कर्मचारियों के बीच मेलजोल बढ़ता है और सामूहिकता की भावना मजबूत होती है।
हवन यज्ञ के समापन पर सभी ने पुलिस विभाग की निरंतर उन्नति, कर्मचारियों के सुखद व सुरक्षित जीवन और समाज में शांति व खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया।
भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति का विधिवत उद्घाटन करते हुए डीएसपी सुशील प्रकाश व अन्य पुलिस कर्मचारी