संवाद न्यूज़ एजेंसी
ढांड/कैथल। नशा कितना घातक है, इसकी कल्पना बरोट गांव में दोहरे हत्याकांड से लगाई जा सकती है। एक ओर पुलिस टीम लगातार जिले भर में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है वहीं ढांड में नशे ने मां-बेटे की बलि ले ली।
पुलिस के मुताबिक, बरोट गांव में बुधवार को यह दिल दहला देने वाली घटना हुई। शिकायत के अनुसार, पति-पत्नी में झगड़े तो होते रहते थे लेकिन किसी ने ऐसे मंजर की कल्पना नहीं की थी। बुधवार को नशे में धुत्त आरोपी अजय (26) ने पहले पत्नी सुदेश (22) पर कई बार ईटों से वार किए। इसके बाद अजय का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने अपने बेटे सिमरत पर भी रहम नहीं किया, जिसकी उम्र महज आठ माह थी। घर वाले उसे अस्पताल लेकर गए भी लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
यह भी आरोप है कि अजय ने कई बार बेटे को जमीन पर पटका भी था। इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। गांव वालों का कहना था कि नशे की लत ने पूरे परिवार को तहस-नहस कर दिया। मां-बेटे की जान चली गई और घर का मुखिया अब पुलिस से भागा-भागा फिर रहा है। उधर, घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया रहा।
आरोपी पहले भी पत्नी व बच्चे से करता था मारपीट ः आरोपी अजय के ताऊ ताराचंद ने कहा है कि आरोपी पहले भी पत्नी व बच्चे से मारपीट करता था। बुधवार को सुबह आरोपी अजय ने पहले तो अपने आठ माह के बेटे को जमीन पर पटक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने आई पत्नी सुदेश पर उसे हमला कर दिया।
आरोपी अजय ने पत्नी को ईंटों और डंडे से हमलाकर लहूूलुहान कर दिया। खून निकलने की वजह से वह बेहोश हो गई। घर वाले उसे लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन उसकी जान निकल चुकी थी। बच्चे को भी डॉक्टर नही बचा सके।
ताराचंद ने बताया कि अजय अक्सर शराब का नशा करता था। उसकी शादी धौंस गांव में लगभग 4 वर्ष पूर्व सुदेश के साथ हुई थी। लगभग 8 माह पहले उसकी पत्नी सुदेश ने एक लडक़े को जन्म दिया। इससे घर में खुशियों की बहार आ गई थी लेकिन उस नन्हे बच्चे को इस बात का क्या पता था कि उसका कलयुगी पिता उसके जन्म के महज आठ माह बाद ही उसको तथा उसकी जननी को बेरहमी से मार डालेगा।
आरोपी अजय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है। मृतक सुदेश व उसके आठ माह के बेटे का बीरवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
-संजय कुमार, ढांड थाना प्रभारी