माई सिटी रिपोर्टर,
अंबाला। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू पहली बार 29 अक्तूबर को अंबाला आ रही हैं। कड़े प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर पहले ही तैयारियां शुरू कर दी गईं थीं। सोमवार को प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर के पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने एयरफोर्स स्टेशन पर रिहर्सल की। राष्ट्रपति के हवाई जहाज के उतरने के स्थान से लेकर उनका स्वागत करते, उनकी सुरक्षा, उनके खानपान व अन्य व्यवस्थाओं पर पुलिस प्रशासन और एयरफोर्स के अधिकारियों ने मंथन किया। यहां पर फायरब्रिगेड की गाड़ी और एंबुलेंस को भी तैनात किया गया था। तीन घंटे तक इस रिहर्सल की प्रक्रिया को किया गया। राष्ट्रपति एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंच रही हैं। हालांकि अभी तक प्रशासन को उनकी तरफ से कार्यक्रम का शेड्यूल नहीं मिला है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि राष्ट्रपति एयरफोर्स के कार्यक्रम में किस एजेंडे के तहत शिरकत करेंगे। इससे पहले राष्ट्रपति को 18 अक्तूबर को आना था, मगर इस कार्यक्रम को अचानक से रद कर दिया गया था। इसके बाद 29 अक्तूबर की तारीख कार्यक्रम के लिए जारी की गई थी।