अधिकारियों के साथ बैठक करतीं डीसी अपराजिता। प्रवक्ता
कैथल। मुख्यमंत्री कार्यालय से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुक्रवार को समाधान शिविरों की समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। इसके बाद उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता के साथ समयबद्ध निपटारा किया जाए। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार शिकायत दर्ज कराने या कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाए और समाधान के बाद संबंधित पोर्टल पर एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) समय पर अपलोड की जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों की नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से भी की जाती है। ऐसे में सभी अधिकारी समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका समयबद्ध समाधान करवाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान से संबंधित समस्त जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें। कई मामलों में अधूरे रिमार्क की वजह से शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित रहती हैं। इसलिए जांच रिपोर्ट के साथ तथ्यात्मक जानकारी भी पोर्टल पर अपडेट करें। इस अवसर पर सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनी) शिवानी पांचाल, एडीसी सुशील कुमार, डीएमसी कपिल शर्मा, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार और सीएमओ डाॅ. रेणु चावला मौजूद रहे।
अधिकारियों के साथ बैठक करतीं डीसी अपराजिता। प्रवक्ता