संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को एडीसी सी जया श्रद्धा, डीएसपी उमेद सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने समाधान शिविर लगा आम जन की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर एडीसी ने अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि कोई भी शिकायत लंबित न रखी जाएं।
इस मौके पर परिवार पहचान पत्र, पेंशन, प्रॉपर्टी आईडी, जमीन पैमाइश, अवैध कब्जा हटाने, राशन कार्ड, बिजली, पानी आदि समस्याओं की अफसरों ने सुनवाई की। शिविर में समस्याएं सुनने के बाद एडीसी ने कहा कि सरकार के निर्देशों पर जिला प्रशासन की ओर से लगाए जा रहे समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभा रहे हैं। शिविर में एक ही छत के नीचे सभी अधिकारी मौजूद रहते हैं और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनकी समस्या का समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की कोई अड़चन है तो उस समस्या का समाधान, समाधान शिविर के तहत सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि जिला स्तर पर कोई भी शिकायत लंबित न रहे। जो शिकायत निवारण करने योग्य हो उसका तुरंत प्रभाव से निवारण करवाएं। इसी प्रकार उपमंडल स्तर भी समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। खंड एवं पंचायत कार्यालय गुहला में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता एसडीएम कृष्ण कुमार ने की। वहीं, कलायत में आयोजित शिविर की अध्यक्षता एसडीएम सत्यवान सिंह मान ने की और समाधान शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की।